आगरा : 06 जुलाई। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी, आगरा के निर्देशों के अनुपालन में जनपद आगरा में सॉस, चटनी, अचार, मुरब्बा, मेयोनीज़, जैली एवं अन्य प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, ई-कॉमर्स वितरण केन्द्रों एवं निर्माण इकाइयों का सघन निरीक्षण किया गया तथा खाद्य नमूने संग्रहित करने के साथ-साथ मानकविहीन एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की गई।
कार्यवाही के दौरान *Innovative Retail Concept Pvt. Ltd. (Big Basket), न्यू आगरा, दयालबाग* एवं *Blink Commerce Pvt. Ltd., सिकंदरा* से ओरिएंटल सॉस, मिक्स्ड फ्रूट जैम, मैंगो पिकल, चटनी, रेड चिली सॉस, मेयोनीज़ एवं ग्रीन चिली सॉस सहित कुल *08 विधिक नमूने* संग्रहित किए गए।
इसी क्रम में *बांके बिहारी इंटरनेशनल, अकबरा, सिकंदरा* से मेयोनीज़ एवं चिली गार्लिक सॉस के *02 विधिक नमूने, **ओम साई एग्रो एंड फूड वर्क्स प्रा. लि., खड़वई, रनकता* से टोमैटो केचप एवं पिज्जा-पास्ता सॉस के *02 विधिक नमूने, तथा **Instakart Services Private Limited, पश्चिमपुरी, सिकंदरा* से मेयोनीज़, रेड चिली सॉस, मैंगो पिकल, मिक्स्ड पिकल, ग्रीन चिली सॉस एवं मिक्स्ड फ्रूट जैम के *06 विधिक नमूने* संग्रहित किए गए।
इसके अतिरिक्त *Blinkit By Bazaar, सिकंदरा* से *Veg Mayonnaise Tandoori (Beeba), **Schezwan Chutney (Ching’s Secret Brand), **Kissan Mixed Fruit Jam* एवं *Red Chilli Sauce* के *04 विधिक नमूने* तथा *Blinkit स्टोर, अलकापुरी, जयपुर हाउस* से *Schezwan Chutney (Ching’s Secret Brand)* का *01 विधिक नमूना* संग्रहित किया गया।
अभियान के दौरान *राम नरेश फूड प्रोडक्ट्स* का निरीक्षण भी किया गया, जहां से *चिली सॉस का 01 विधिक नमूना* लिया गया। निरीक्षण में लगभग *₹2,400 मूल्य के चिली सॉस के दो कार्टन* अभिग्रहित (सीज) किए गए। साथ ही एक्सपायरी तिथि पार कर चुकी *चिली सॉस की 140 बोतलें, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग *₹7,000** थी, खाद्य कारोबारकर्ता की सहमति से मौके पर ही नियमानुसार विनष्ट कराई गईं।
इसके अतिरिक्त *मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) योजना* के अंतर्गत उपयोग किए जा रहे खाद्य पदार्थों के *04 सर्वे नमूने* भी गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित किए गए।
इस प्रकार विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों से *कुल 25 विधिक नमूने एवं 04 सर्वे नमूने* संग्रहित किए गए। सभी विधिक नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त विश्लेषण रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई नमूना अधोमानक, मिथ्याछाप अथवा असुरक्षित पाया जाता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनहित में सॉस, चटनी, अचार, मुरब्बा, मेयोनीज़, जैली एवं अन्य प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे। विभाग ने समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं से खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं से केवल मानक एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का ही क्रय एवं उपयोग करने की अपील की है।


