
जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त फीडबैक की समीक्षा बैठक हुई संपन्न।
हर हाल में गुणवत्तापूर्ण एवं वास्तविकता के अनुरूप ही प्रकरणों का निस्तारण करना होगा अनिवार्य-जिलाधिकारी
आगरा.06.07.2026/आज जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त फीडबैक की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने आईजीआरएस व सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के टाॅप-05 गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा टाॅप-05 बाॅटम विभागों की अपलोड आख्या तलब की। जिलाधिकारी महोदय ने बैठक में विगत तीन माह की रैंकिंग, संतुष्टि प्रतिशत, शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता का प्रतिशत एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से ‘सी‘ श्रेणी प्राप्त संदर्भों का विवरण तलब किया तथा सम्बन्धित कोे कार्य प्रणाली में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने प्राप्त विभिन्न असंतुष्टि प्रकरणों में लगाई गई आख्या की समीक्षा की, अपलोड की गई आख्याओं में कमियां पाए जाने पर संबंधित से जवाब तलब किया गया, विभिन्न प्रकरणों में समाज कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, लीड बैंक मैनेजर, सीएमओ, ग्राम्य विकास विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत व अधीक्षण अभियंता विद्युत आदि की अस्पष्ट,गुणवत्ताहीन आख्या पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया तथा आख्या व निस्तारण में भविष्य में सुधार लाने व गुणवत्तापूर्ण आख्या लगाये जाने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में सब रजिस्ट्रार तहसील सदर का प्राप्त फीडबैक असंतुष्टि पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं द्वारा असंतुष्टि फीडबैक पर संबंधित को निर्देशित किया कि नाली, सड़क, खड़ंजा, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य आदि की ऐसी समस्याएं जो उपलब्ध बजट में पूर्ण की जा सकती हैं उन्हें कार्य को पूर्ण कर निस्तारित किया जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर विद्युत विभाग की गुणवत्तापूर्ण शिकायत निस्तारण न होने पर आगमी बैठक में चीफ अभियंता सहित सभी अधिशाषी अभियंता को उपस्थिति रहने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी महोदय ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस, सीएम हेल्प लाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का 80 प्रतिशत संतुष्टि प्रतिशत तथा शिकायत करता से शतप्रतिशत दूरभाष पर संपर्क व फील्ड विजिट कर मौके पर संपर्क कर शिकायत निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने जन्म प्रमाण पत्र के लम्बित प्रकरणों पर समस्त एसीएम के साथ समन्वय बनाकर लम्बित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। राजस्व न्यायालय के वादों का शत प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने एसडीएम एत्मादपुर एवं खेरागढ़ को माह जून की आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन करने पर प्रशस्ति पत्र तथा एसडीएम बाह, किरावली, फतेहाबाद व सदर को रैंकिंग प्रतिशत कम होने पर सो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजीआरएस प्रकरणों के फीडबैक में सही निस्तारण नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्हें अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि यदि इसके उपरांत भी प्रकरणों का सही एवं वास्तविक रूप से निस्तारण नहीं किया जाएगा तो विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देशित किया कि जिस अधिकारी या संबंधित विभाग की लापरवाही से जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग प्रभावित होगी, उसकी जिम्मेदारी तय करते हुए उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस प्रकरणों का निस्तारण पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके और जनपद की रैंकिंग में सुधार हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/नोडल अधिकारी आईजीआरएस श्रीमती पूजा यादव, डीडीओ श्रीमती भावना यादव, पीडीडीआरडीए श्रीमती रेनू, बीएसए राकेश कुमार सिंह, डीआईओएस रविन्द्रपाल, डीसी मनरेगा रामायन सिंह यादव, डीपीआरओ मनीष कुमार, सहित जनपद के सभी विभागों के अधिकारीगण व उप जिला मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, बीडीओ आदि उपस्थित रहे।


