
—– कान्हा गौशाला पहुंचे नगर आयुक्त, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
आगरा। भीषण गर्मी के बीच गौवंश को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने आज नारायण स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में रह रहे गौवंश के लिए पेयजल, छायादार व्यवस्था, चारे की उपलब्धता तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बढ़ते तापमान को देखते हुए गौवंश के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहे तथा पानी की टंकियों और कुंडों की नियमित सफाई कराई जाए। इसके अलावा गौवंश को गर्मी से राहत देने के लिए छायादार स्थानों की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चारे की गुणवत्ता और उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में गौवंश के खानपान में लापरवाही न बरती जाए और नियमित रूप से हरा चारा एवं भूसा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही गौशाला परिसर में साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए, ताकि बीमारियों का खतरा न बढ़े।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गौवंश की नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जाए और यदि कोई पशु बीमार मिले तो उसका तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है, क्योंकि तापमान बढ़ने से पशुओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने गौशाला में संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा नगर आयुक्त को अवगत कराया कि गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
—– नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा, “भीषण गर्मी को देखते हुए कान्हा गौशाला में गौवंश के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छ पेयजल, छाया, चारा और स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। गौवंश की सुरक्षा और देखभाल नगर निगम की प्राथमिकता है।”


