—– बसई मंडी में ट्रक-मेटाडोर चालकों पर कार्रवाई, आठ हजार से अधिक का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

स्वच्छ सर्वेक्षण में बाधा बने मंडी के वाहन, एक्शन मोड़ में नगर निगम

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित करने वाले वाहनों के खिलाफ नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बसई मंडी क्षेत्र में सब्जी, फल और अन्य सामान लेकर आने वाले ट्रकों एवं मेटाडोरों पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने आठ हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार रात के समय मंडी में पहुंचने वाले भारी वाहन सड़कों पर लंबे समय तक खड़े रहते हैं, जिससे सुबह सफाई कार्य प्रभावित होता है। कई स्थानों पर कूड़ा और गंदगी फैली रहने के कारण स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी जेडएसओ ताजगंज योगेंद्र कुशवाहा ने बताया कि बसई मंडी में रात के समय सब्जी और फल लेकर आने वाले मेटाडोर एवं ट्रक सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। इससे क्षेत्र में नियमित सफाई कार्य बाधित होता है और स्वच्छता व्यवस्था खराब होती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर नगर निगम किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने बताया कि ये वाहन बसई मंडी, सीएनजी पेट्रोल पंप वाले मार्ग तथा पर्यटन थाने के पास वाली सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन खड़े रहते हैं। इन वाहनों के कारण न केवल सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है।
नगर निगम प्रशासन ने अब केवल वाहन चालकों ही नहीं बल्कि उन आढ़तियों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है, जिनके यहां ये वाहन माल लेकर पहुंचते हैं। अधिकारियों ने आढ़तियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि रात में पहुंचने वाले वाहनों को तत्काल खाली कराया जाए ताकि सुबह समय पर सफाई कार्य कराया जा सके और क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

—– नगर आयुक्त का वर्जन:

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नगर निगम पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। मंडी क्षेत्रों में आढ़तियों और वाहन चालकों को सहयोग करना होगा ताकि सुबह समय से सफाई कराकर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *