01-01-2027 अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रारंभ, कल 17 नवंबर को होगा आलेख्य प्रकाशन
आगरा.16.11.2026/ अपर जिलाधिकारी (नगर)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, यमुनाधर चौहान ने सर्वसाधारण को सूचित करते हुए अवगत कराया है कि अर्हता तिथि 01-01-2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 17-11-2026 को सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में किया जाना है। मा० भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऐसे पात्र नागरिक जो अर्हता तिथि 01-01-2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे अथवा कर चुके हैं, ऐसे पात्र नागरिक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु आलेख्य प्रकाशन अवधि दिनांक 17-11-2026 से 16-12-2026 तक मतदान केन्द्रों पर नियुक्त बी०एल०ओ०/सुपरवाइजर को कार्य अवधि में निर्धारित फार्म-6, 6ए, 7 व 8 पूर्ण भरकर प्राप्त करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त के अतिरिक्त मा० भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशित किया गया है कि सभी ग्राम सभाओं एवं वार्ड कमेटियों की बैठकों में तथा समस्त बी०एल०ओ० द्वारा चार विशेष अभियान की तिथियाँ यथा दिनांक 21-11-2026 (शनिवार), दिनांक 22-11-2026 (रविवार), 28-11-2026 (शनिवार), तथा 29-11-2026 (रविवार) को अपने बूथ पर उपस्थित होकर संबंधित आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़कर सुनाया जायेगा।
ऐसे पात्र नागरिक जिनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है वह अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने हेतु अपने निकटतम मतदेय स्थल पर पहुँचकर फार्म-6 निःशुल्क प्राप्त कर दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नम्बर, आयु प्रमाण-पत्र, निवास का पता एवं परिवार के किसी सदस्य का EPIC/मतदाता फोटो पहचान-पत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा, साथ ही जो मतदाता स्थायी रूप से अन्यत्र चले गए हैं, जिनकी मृत्यु हो गई है, का फार्म-7 भरा जायेगा एवं जो मतदाता किसी प्रकार का संशोधन कराना चाहते हैं, वह फार्म-8 भरकर साक्ष्य सहित सम्बन्धित मतदेय स्थल पर अथवा तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केन्द्र पर जमा कर सकते हैं।


