ऑपरेशन “जीवन रक्षा” के तहत RPF एवं RPSF के जवानों ने चलती ट्रेन से गिरते बुजुर्ग यात्री की बचाई जान

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। आज दिनांक 16 नवंबर 2026 को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर ऑपरेशन “जीवन रक्षा” के अंतर्गत RPF एवं RPSF के कर्मचारियो ने अदम्य साहस एवं तत्परता का परिचय देते हुए चलती ट्रेन से गिरते हुए एक बुजुर्ग यात्री की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया।
गाड़ी संख्या 18478 (कलिंग उत्कल एक्सप्रेस) अपने निर्धारित ठहराव के पश्चात दोपहर 14:03 बजे मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 से गंतव्य के लिए प्रस्थान कर रही थी। इस दौरान TOPB रोकथाम ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक सुजीत सिंह चंदेल एवं RPSF के उप निरीक्षक टी.आई. सिंह, प्लेटफॉर्म पर तैनात RPF/RPSF स्टाफ के साथ गाड़ी को सुरक्षित पास करा रहे थे।
फेस्टिवल के दृष्टिगत स्टेशन पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ होने के कारण कुछ आरक्षित यात्री निर्धारित समय पर ट्रेन में सवार नहीं हो सके। इसी दौरान S-1 कोच में एक बुजुर्ग यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के गेट से लटक गया। इस दौरान उसके दोनों पैर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच आ गए। स्थिति अत्यंत गंभीर थी तथा यात्री के ट्रेन के नीचे आने से जानलेवा दुर्घटना होने की आशंका थी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उप निरीक्षक सुजीत सिंह चंदेल एवं उप निरीक्षक टी.आई. सिंह (RPSF) ने असाधारण सतर्कता, साहस एवं त्वरित सूझबूझ का परिचय दिया। दोनों कर्मचारियो ने बिना समय गंवाए अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना यात्री को मजबूती से पकड़कर चलती ट्रेन से सुरक्षित दूरी पर खींच लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और बुजुर्ग यात्री का अमूल्य जीवन बच गया। सौभाग्यवश यात्री को कोई शारीरिक चोट नहीं आई।
घटना के तुरंत बाद यात्री से प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में पूछा गया, लेकिन उसने किसी प्रकार के उपचार की आवश्यकता से इनकार कर दिया। पूछताछ में यात्री ने निवासी उड़ीसा बताया। यात्री को हिंदी भाषा का सीमित ज्ञान होने तथा घटना से भयभीत होने के कारण उससे अन्य विस्तृत जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। यात्री को सुरक्षित रूप से गाड़ी में सवार कराया गया, जिसके पश्चात ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
उप निरीक्षक सुजीत सिंह चंदेल एवं उप निरीक्षक टी.आई. सिंह (RPSF) द्वारा कर्तव्य के प्रति समर्पण, अदम्य साहस, असाधारण सतर्कता एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए बुजुर्ग यात्री को गंभीर दुर्घटना का शिकार होने से बचाना अत्यंत सराहनीय एवं प्रशंसनीय कार्य है। मौके पर उपस्थित यात्रियों ने भी दोनों अधिकारियों के इस मानवीय एवं साहसिक कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस प्रकार RPF एवं RPSF के दोनों कर्मचारियों की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता से ऑपरेशन “जीवन रक्षा” के अंतर्गत एक अनमोल जीवन को सुरक्षित बचाने में सफलता प्राप्त हुई|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *