आगरा कैंट स्टेशन पर शुरू हुई फूड वैन सेवा, यात्रियों को मिलेगी किफायती खानपान सुविधा

Press Release उत्तर प्रदेश

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे के गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) में वृद्धि के उद्देश्य से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में आज दिनांक 16.11.2026 को नई फूड वैन सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस सुविधा का आवंटन पांच वर्ष की अवधि के लिए किया गया है।इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण, किफायती एवं सुविधाजनक खानपान सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें भोजन एवं अन्य खाद्य सामग्री के लिए स्टेशन परिसर से बाहर न जाना पड़े।
इस फूड वैन में यात्रियों की विभिन्न आवश्यकताओं एवं पसंद को ध्यान में रखते हुए नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि के भोजन के साथ फास्ट फूड तथा विभिन्न प्रकार की पैकेज्ड खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सभी खाद्य पदार्थ उचित एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर उपलब्ध होंगे।
यह सुविधा विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों तथा प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) के टिकट वाले यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी, जिन्हें ट्रेन के इंतजार के दौरान स्टेशन पर अधिक समय व्यतीत करना पड़ता है।
इस पहल से एक ओर यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी वृद्धि होगी। आगरा मंडल द्वारा भविष्य में मंडल के अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी इस प्रकार की सुविधाओं का विस्तार करने की योजना है।
आगरा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *