जन्माष्टमी पर्व-2026 के दौरान मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएँ

Press Release उत्तर प्रदेश

जन्माष्टमी पर्व-2026 के दौरान दिनांक 03.09.2026 से 07.09.2026 तक मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए आगरा मंडल द्वारा मथुरा जंक्शन, गोवर्धन, वृंदावन रोड एवं भूतेश्वर रेलवे स्टेशनों पर व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं। मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी में विभिन्न विभागों द्वारा 24×7 समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।
24×7 निगरानी एवं समन्वय
मथुरा जंक्शन स्थित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से स्टेशन की सुरक्षा एवं यात्री व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम में स्टेशन निदेशक, मथुरा, सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेल सुरक्षा बल, मथुरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी निरंतर मॉनिटरिंग एवं समन्वय करेंगे।
मथुरा कंट्रोल रूम में तीनों शिफ्टों में अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की वास्तविक समय में निगरानी करेंगे तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
मथुरा जंक्शन पर लगभग 280 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24×7 निगरानी की जाएगी। साथ ही, सीसीटीवी कंट्रोल रूम में राउंड द क्लॉक रेलवे चिकित्सक की तैनाती की जाएगी , ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इन व्यवस्थाओं की मंडल कार्यालय से भी निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी।
सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मथुरा जंक्शन पर लगभग 170 रेल सुरक्षा बल (RPF) जवान तथा वाणिज्य विभाग के लगभग 50 अधिकारी/कर्मचारी तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुकिंग कार्यालय में 15 अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है। इसके साथ ही भीड़ एवं यात्रियों की संख्या के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले जाएंगे, ताकि यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और टिकटिंग व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके।चेकिंग स्टाफ की तैनाती कर टिकटिंग, यात्रियों के प्रवेश एवं बोर्डिंग, उद्घोषणा, पूछताछ तथा भीड़ प्रबंधन की निरंतर निगरानी की जाएगी। गोवर्धन, वृंदावन रोड एवं भूतेश्वर रेलवे स्टेशनों पर भी अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ एवं रेल सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की जाएगी।
मथुरा-अछनेरा खंड के समपार फाटक संख्या 358 तथा मथुरा-कासगंज खंड के समपार फाटक संख्या 357 पर भी रेल सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की गई है, जिससे श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
स्वच्छता एवं पेयजल की विशेष व्यवस्था
मथुरा जंक्शन एवं अन्य संबंधित स्टेशनों पर पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में नियमित सफाई, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती तथा पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
होल्डिंग एरिया एवं यात्री प्रबंधन
श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने के लिए मथुरा जंक्शन पर होल्डिंग एरिया विकसित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्टेशन परिसर में सुगम आवागमन बनाए रखना तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों तक पहुँचाना है।
स्पेशल एवं TOD ट्रेनों का संचालन
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे द्वारा इस अवधि में लगभग 08 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यात्रियों की आवश्यकता एवं भीड़ की स्थिति के अनुसार Train on Demand (TOD) ट्रेनों का संचालन भी किया जा सकेगा।
आगरा मंडल द्वारा की गई इन समन्वित व्यवस्थाओं का उद्देश्य जन्माष्टमी पर्व के दौरान मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना तथा मेला अवधि में निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित आगरा मंडल द्वारा सभी संबंधित विभागों के बीच निरंतर समन्वय स्थापित कर भीड़ की स्थिति के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाओं में तत्काल बदलाव एवं अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *