
यात्री संख्या 36%, यात्री आय 30.8% और टिकट जांच आय में 45.45% प्रतिशत की वृद्धि
मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के दिशा-निर्देश में एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, आगरा श्री अंकित गुप्ता के नेतृत्व में उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल ने सितंबर 2026 में यात्री परिवहन एवं वाणिज्यिक आय के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा यात्री सेवाओं में निरंतर सुधार के परिणामस्वरूप यात्री संख्या, यात्री आय, अन्य कोचिंग आय तथा संड्री आय में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।
यात्री यातायात : सितंबर 2025 में 25.70 लाख यात्रियों की तुलना में सितंबर 2026 में लगभग 35 लाख यात्रियों ने रेल यात्रा की, जो गत वर्ष की तुलना में 36 प्रतिशत की वृद्धि है। निर्धारित लक्ष्य 28.19 लाख यात्रियों के सापेक्ष 24 प्रतिशत अधिक उपलब्धि दर्ज की गई।
यात्री आय : सितंबर 2025 में ₹51.97 करोड़ की तुलना में सितंबर 2026 में ₹68 करोड़ की यात्री आय अर्जित हुई, जो गत वर्ष की तुलना में 30.8 प्रतिशत अधिक है। ₹60.90 करोड़ के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 11.7 प्रतिशत अधिक उपलब्धि प्राप्त हुई।
अन्य कोचिंग आय: सितंबर 2025 में ₹3.30 करोड़ की तुलना में सितंबर 2026 में ₹4.16 करोड़ की आय अर्जित हुई, जो 26 प्रतिशत की वृद्धि है। निर्धारित ₹3.72 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 11.8 प्रतिशत अधिक उपलब्धि दर्ज की गई।
संड्री आय : सितंबर 2025 में ₹1.47 करोड़ की तुलना में सितंबर 2026 में ₹1.90 करोड़ की संड्री आय अर्जित हुई, जो गत वर्ष की तुलना में 29 प्रतिशत की वृद्धि है।
माल आय : सितंबर 2026 में आगरा मंडल ने ₹43.50 करोड़ की माल आय अर्जित की। निर्धारित ₹42.75 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 1.75 प्रतिशत अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई।
टिकट जांच से प्राप्त आय : सितंबर 2025 में ₹1.54 करोड़ की तुलना में सितंबर 2026 में टिकट जांच से ₹2.24 करोड़ की आय अर्जित हुई, जो गत वर्ष की तुलना में 45.45 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है।
वाणिज्यिक प्रचार आय: वाणिज्यिक प्रचार के क्षेत्र में सितंबर 2025 में ₹0.14 करोड़ की तुलना में सितंबर 2026 में ₹0.28 करोड़ की आय अर्जित हुई, जो 100 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
खानपान आय : सितंबर 2025 में ₹0.60 करोड़ की तुलना में सितंबर 2026 में खानपान से ₹0.90 करोड़ की आय अर्जित हुई, जो गत वर्ष की तुलना में 49 प्रतिशत अधिक है।
जन संपर्क अधिकारी श्री संजय कुमार गौतम ने बताया कि आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।स्टेशन सुविधाओं के उन्नयन, बेहतर यात्री प्रबंधन तथा ग्राहक-केंद्रित पहलों के परिणामस्वरूप मंडल ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है।
आगरा मंडल भविष्य में भी यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने तथा रेल यात्रा को और अधिक सुगम एवं आकर्षक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


