
स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत आगरा मंडल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
आगरा। भारतीय रेलवे द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान-2026 के अंतर्गत आगरा मंडल में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के निर्देशन में आयोजित अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने के लिए जागरूकता पैदा करना रहा।
गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को मंडल कार्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी ने अपने कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। आगरा मंडल के सभी स्टेशनों, डिपो एवं कार्यालयों में भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
मंडल कार्यालय परिसर में सांस्कृतिक अकादमी द्वारा स्वच्छता विषयक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, आगरा मंडल द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से प्रारंभ होकर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर संपन्न हुई। इसमें स्काउट्स एवं गाइड्स के साथ मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। रैली के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, स्वच्छता अपनाने तथा स्वच्छ रेलवे परिसर बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इसके साथ ही साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित कम्युनिटी सेंटर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित रेलवे परिसर के निर्माण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने पर जोर दिया गया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत आगरा मंडल के विभिन्न डिपो एवं कार्यालयों में भी स्वच्छता शपथ, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलकर्मियों ने स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान आगरा मंडल द्वारा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के समापन अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस ब्रीफिंग भी की तथा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत मंडल में आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गिरीश कुमार गुप्ता व मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


