कोयले की भट्ठी चलाना रेस्टोरेंट संचालक को पड़ा भारी, आठ हजार जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—– एनजीटी के नियमों का हवाला देकर भविष्य में कोयला भट्ठी न चलाने की दी हिदायत, मौके पर ही पानी डालकर बुझाई भट्ठी

आगरा। ताज ट्रिपेजियम जोन (टीटीजेड) क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद रेस्टोरेंट में कोयले की भट्ठी संचालित करना संचालक को भारी पड़ गया। नगर निगम प्रशासन की टीम ने फतेहाबाद रोड पर टीडीआई माल के निकट स्थित उड़ता पंजाब रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करते हुए संचालक पर आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाया। कार्रवाई के दौरान निगम की टास्क फोर्स ने मौके पर संचालित कोयले की भट्ठी में पानी डालकर उसे ठंडा कराया और बंद करा दिया।
प्रभारी जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान रेस्टोरेंट में खाना पकाने के लिए कोयले की भट्ठी संचालित होती मिली। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भट्ठी में पानी डलवाकर आग बुझाई। इसके बाद रेस्टोरेंट संचालक पर आठ हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालक को एनजीटी के निर्देशों और टीटीजेड क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में कोयले से संचालित भट्ठी का इस्तेमाल नहीं करने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि कोयले की भट्ठियों से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण को बढ़ाता है। ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित नियमों का पालन करना प्रत्येक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के लिए जरूरी है।
कार्रवाई की खबर आसपास के दुकानदारों और रेस्टोरेंट संचालकों तक पहुंचते ही उनमें हड़कंप मच गया। निगम अधिकारियों ने आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों को भी चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी रेस्टोरेंट, ढाबे या अन्य प्रतिष्ठान में कोयले की भट्ठी संचालित मिली तो संबंधित संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर फतेहाबाद रोड पर ही निमार्णाधीन होटल अकबर इंटरनेशनल में फर्श आदि की घिसाई के दौरान निकलने वाली गंदगी को मजदूरों द्वारा कलाकृति रोड पर फैंककर गंदगी करने पर भी होटल स्वामी पर दस हजार का जुर्माना लगाया गया।

—- प्रदूषण फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि टीटीजेड क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नगर निगम पूरी तरह गंभीर है। रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कोयला या अन्य प्रदूषणकारी ईंधन से संचालित भट्ठियों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे प्रतिष्ठानों की लगातार जांच कराई जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर जुर्माना लगाने के साथ नियमानुसार अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीटीजेड क्षेत्र में प्रदूषणकारी ईंधन के इस्तेमाल पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिले, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम का उद्देश्य कार्रवाई के साथ-साथ शहर में स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *