आगरा मंडल के 09 स्टेशनों पर 36 एटीवीएम मशीनें स्थापित, यात्रियों को मिल रही त्वरित एवं सुविधाजनक टिकटिंग सेवा

उत्तर प्रदेश

 मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में आगरा मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं में निरंतर वृद्धि की जा रही है। इसी क्रम में मंडल के 09 प्रमुख स्टेशनों पर कुल 36 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) स्थापित की गई हैं, जिससे यात्रियों को त्वरित, सरल एवं सुविधाजनक टिकटिंग सेवा उपलब्ध हो रही है।

एटीवीएम मशीनों के माध्यम से यात्री स्वयं अनारक्षित (जनरल) टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट तथा सीजन टिकट का नवीनीकरण आसानी से कर सकते हैं। इन मशीनों पर नकद, स्मार्ट कार्ड, यूपीआई एवं अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों की सुविधा उपलब्ध है, जिससे यात्रियों को टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को एटीवीएम मशीनों के अधिकाधिक उपयोग के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। स्टेशनों पर सूचना पट्ट, घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को स्वचालित टिकटिंग प्रणाली के लाभों से अवगत कराया जा रहा है।

एटीवीएम मशीन का उपयोग कैसे करें

  • मशीन की स्क्रीन पर हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा का चयन करें।
  • अपनी आवश्यकता के अनुसार अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट का विकल्प चुनें।
  • गंतव्य स्टेशन का नाम अथवा स्टेशन कोड दर्ज करें।
  • यात्रियों की संख्या एवं यात्रा श्रेणी का चयन करें।
  • साधारण, मेल/एक्सप्रेस अथवा अन्य उपलब्ध विकल्पों का चयन करें।
  • स्क्रीन पर प्रदर्शित विवरण की सावधानीपूर्वक जांच करें।
  • नकद, स्मार्ट कार्ड, यूपीआई अथवा अन्य डिजिटल माध्यम से भुगतान करें।
  • भुगतान सफल होने के बाद टिकट स्वतः मशीन से प्राप्त हो जाएगा।

जन संपर्क अधिकारी  संजय कुमार गौतम ने बताया कि वे एटीवीएम मशीनों का अधिकाधिक उपयोग करें और समय की बचत के साथ डिजिटल एवं सुगम टिकटिंग सुविधा का लाभ उठाएं। यह पहल रेलवे की यात्री-केंद्रित सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *