सफाई में लापरवाही पर दो कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की संस्तुति

Press Release उत्तर प्रदेश

—— चार सफाई कर्मियों का दो दिन का वेतन काटने की सिफारिश, दो सफाई नायकों को नोटिस
—— शिकायत मिलने पर सहायक नगर आयुक्त ने किया था वार्ड 91,92 का औचक निरीक्षण

आगरा। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायत मिलने पर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सोमवार को वार्ड 91 बल्केश्वर और वार्ड 92 रावत पाड़ा की सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले और मुख्य बाजार में सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर दो सफाई कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने और चार कर्मचारियों का दो दिन का वेतन काटने की संस्तुति नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से की गई है।
निरीक्षण के दौरान वार्ड 92 रावतपाड़ा में सफाई कर्मी कुनाल, ज्योति, प्रियंका और गौरव निर्धारित समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। इसके अलावा मुख्य बाजार में भी सफाई व्यवस्था ठीक नहीं मिली। निरीक्षण में सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए चारों कर्मचारियों का दो दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई है।
वहीं, वार्ड 91 बल्केश्वर में निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारी सूरज और ध्रुव काफी समय से ड्यूटी से गायब मिले। इतना ही नहीं, हाजिरी रजिस्टर की जांच में भी दोनों कर्मचारियों द्वारा कई दिनों से हस्ताक्षर नहीं किए जाने की बात सामने आई। इसे ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने की संस्तुति नगर आयुक्त से की गई है।
निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था की निगरानी में लापरवाही मिलने पर रावतपाड़ा वार्ड के सफाई नायक विकास पाठक और अवधेश उपाध्याय को भी नोटिस जारी किया गया है। दोनों से कर्मचारियों की उपस्थिति और सफाई व्यवस्था में मिली कमियों के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और निर्धारित क्षेत्र में समय से सफाई सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण में अनुपस्थित मिलने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ पर्यवेक्षण में लापरवाही बरतने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *