—— दुकानों के बाहर रखे काउंटर और ठेल-धकेल जब्त, दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी
आगरा। शहर में सड़क किनारे और फुटपाथों पर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को अभियान चलाया। टीम ने रामबाग चौराहे के आसपास और हाथरस रोड पर कार्रवाई करते हुए सड़क व फुटपाथ पर सामान रखकर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। दुकानों के बाहर रखे कई काउंटर, ठेल और धकेल जब्त कर लिए गए। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
नगर निगम की टास्कफोर्स ने रामबाग चौराहे के आसपास अभियान की शुरुआत की। यहां कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने फुटपाथ और सड़क की पटरी पर सामान रखने के साथ काउंटर और अन्य सामान फैला रखा था। इससे पैदल राहगीरों के लिए रास्ता बाधित हो रहा था और सड़क पर भी आवागमन प्रभावित हो रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर फुटपाथ पर रखा सामान हटवाया और अतिक्रमण करने वालों को कड़ी चेतावनी दी।
इसके बाद टीम ने हाथरस रोड पर भी कार्रवाई की। यहां सड़क किनारे और फुटपाथ पर रखे गए काउंटर, ठेल-धकेल और अन्य सामान को हटवाकर कब्जा मुक्त कराया गया। निगम कर्मचारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर सामान रखकर रास्ता बाधित किया गया तो सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, सड़क और फुटपाथ आम लोगों के आवागमन के लिए हैं। इन पर दुकान का सामान फैलाने या ठेल-धकेल खड़ी करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर लगातार अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के बाद रामबाग चौराहे और हाथरस रोड के कई हिस्सों में फुटपाथ खाली नजर आए और राहगीरों को आवागमन में राहत मिली।


