
——- हनुमान नगर समेत कई इलाकों में चला डॉग वैक्सीनेशन अभियान
आगरा। शहर को रैबीज मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे “रैबीज फ्री आगरा अभियान” के तहत शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर डॉग वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीमों ने वार्ड संख्या 22 के अंतर्गत आने वाले कई इलाकों में पहुंचकर करीब साढ़े तीन सौ कुत्तों का एंटी रैबीज वैक्सीनेशन किया।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार यह अभियान शहर में रैबीज संक्रमण की रोकथाम और लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है। शनिवार को हनुमान नगर, नगला अजीतपुरा, छोटा उड़ा का नगला तथा शाहगंज रोड क्षेत्र में विशेष अभियान संचालित किया गया। इस दौरान निगम की टीमों ने क्षेत्र में घूमने वाले आवारा एवं पालतू कुत्तों को चिन्हित कर उनका टीकाकरण किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि रैबीज एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जिसकी रोकथाम के लिए पशुओं का समय-समय पर वैक्सीनेशन बेहद आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा चरणबद्ध तरीके से शहर के अलग-अलग वार्डों में अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील की अपील के साथ ही उन्हें पालतू कुत्तों का नियमित टीकाकरण कराने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
नगर निगम की टीमों ने लोगों को यह भी जानकारी दी कि यदि किसी व्यक्ति को कुत्ता काट ले तो तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए और एंटी रैबीज इंजेक्शन अवश्य लगवाना चाहिए। बताया कि आने वाले दिनों में भी शहर के अन्य क्षेत्रों में अभियान जारी रहेगा, ताकि आगरा को रैबीज मुक्त शहर बनाया जा सके।


