अतिक्रमण और प्रतिबंधित प्लास्टिक पर चला निगम का डंडा

Press Release उत्तर प्रदेश

 

—- 35,500 रुपये का वसूला शमन शुल्क, कार्रवाई से दुकानदारों में मचा हड़कंप

आगरा। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गंदगी फैलाने, अतिक्रमण करने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक ग्लास का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हजारों रुपए का शमन शुल्क लगाया।
अभियान के दौरान दयालबाग क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बंटी पुत्र भगवान दास निवासी अतुल फार्म, बल्लभ विहार दयालबाग पर 10 हजार रुपये, प्रशांत पुत्र पंकज निवासी बल्लभ दयालबाग पर 10 हजार रुपये तथा गोविंद कुमार गुर्जर पुत्र भोलाराम पर 10 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त नगर निगम की टीम ने शराब के ठेकों पर निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक ग्लास के उपयोग पर कार्रवाई की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 5,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
अभियान के दौरान जागेंद्र, एसएफआई तथा प्रवर्तन दल का विशेष सहयोग रहा। टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर लोगों को स्वच्छता एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया।

—– नगर आयुक्त का वर्जन:

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा है कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता, अतिक्रमण मुक्ति और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *