आगरा। आगरा रेल मंडल द्वारा रेल संचालन में निरंतर सुधार एवं यात्रियों को समयबद्ध सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए जा रहे सतत प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 05 मार्च 2026 को मंडल ने समयपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। उक्त दिनांक को आगरा मंडल पर संचालित मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों का समयपालन 98.28 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो वर्ष 2026 का अब तक का सर्वोत्तम प्रदर्शन है।
उक्त दिनांक को आगरा मंडल के विभिन्न रेल खंडों पर कुल 174 मेल/एक्सप्रेस गाड़ियाँ रिपोर्ट हुईं, जिनमें से 171 गाड़ियों का संचालन 100 प्रतिशत समयपालन के साथ सुनिश्चित किया गया। उल्लेखनीय है कि आगरा मंडल के साथ ही उत्तर मध्य रेलवे जोन ने भी दिनांक 05 मार्च 2026 को भारतीय रेल में समयपालन के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
यह उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के कुशल मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM), आगरा श्री कुलदीप मीना के नेतृत्व में परिचालन विभाग सहित मंडल के सभी विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। रेलकर्मियों द्वारा दिन-रात की जा रही सतर्क मॉनिटरिंग, प्रभावी संचालन प्रबंधन, बेहतर समन्वय तथा त्वरित निर्णयों के कारण गाड़ियों का संचालन समयानुसार सुनिश्चित किया जा सका।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, आगरा ने मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध रेल सेवाएँ प्रदान करना भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार के समर्पण एवं टीमवर्क के साथ आगरा मंडल भारतीय रेलवे में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा।
जन संपर्क अधिकारी कु. प्रशस्ति श्रीवास्तव ने कहा कि गाड़ियों के समयपालन को और बेहतर बनाने के लिए मंडल में निरंतर मॉनिटरिंग, परिचालन प्रबंधन में सुधार तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और समयनिष्ठ सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
आगरा मंडल भविष्य में भी यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं समयनिष्ठ रेल सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।


