स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी: सुभाष बाजार में चला एंटी प्लास्टिक अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

 वार्ड 92 में नगर निगम की सख्ती, ठेले-दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक से किया जागरूक

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम आगरा द्वारा लगातार जनजागरूकता और प्रवर्तन की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जोन छत्ता अंतर्गत वार्ड संख्या 92 (बिजलीघर) के सुभाष बाजार क्षेत्र में एंटी प्लास्टिक अभियान चलाया गया।
यह अभियान जोनल सेनेटरी ऑफिसर आशुतोष वर्मा के निर्देशानुसार नगर निगम की सूचना, शिक्षा एवं संचार टीम द्वारा संचालित किया गया। अभियान के दौरान सुभाष बाजार में मौजूद ठेले-पटरी वालों एवं दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और इसके उपयोग से पूर्णतः परहेज करने की अपील की गई।
टीम ने दुकानदारों को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए अत्यंत हानिकारक है, जिससे नालियों का जाम होना, जलभराव, पशुओं को नुकसान और शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर नगर निगम द्वारा जुर्माना एवं विधिक कार्रवाई की जा सकती है। टीम द्वारा कपड़े और कागज के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया तथा सभी व्यापारियों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में शहर को बेहतर रैंक दिलाने में सहयोग की अपील की गई। अभियान के दौरान कई दुकानदारों और ठेले वालों ने सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने का आश्वासन भी दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे ताकि आगरा को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *