आगरा। आगरा मंडल के गोवर्धन सभागार में आज “भारतीय रेल के विकास एवं परिचालन में स्काउटिंग का योगदान” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के स्काउट एंड गाइड से संबंधित कर्मचारियों ने प्रतिभागिता की। उक्त प्रतियोगिता को आयोजित कराने का उद्देश्य स्काउट एवं गाइड जैसी संस्था के संबंध में जानकारी तथा कर्मचारियों के लेखन कला को उन्नत बनाना है।
यह प्रतियोगिता मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी बी.एस. चौहान के निर्देशन में आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा एक नवीन पहल के अंतर्गत आगरा मंडल में प्रत्येक मंगलवार को हिंदी राजभाषा विभाग द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस नवाचार के माध्यम से कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को हिंदी राजभाषा के प्रयोग, प्रचार-प्रसार तथा सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को सशक्त करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भारतीय रेल के विकास एवं परिचालन में स्काउटिंग की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना की तथा इसे हिंदी भाषा के संवर्धन एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
आगरा मंडल द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, जिससे कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता को और अधिक बढ़ावा मिल सके।


