आगरा मंडल में चलाया गया एक दिवसीय सघन टिकट चेकिंग अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

अभियान के दौरान समूचे मंडल में पूरे दिन अनियमित यात्रियों में मचा रहा हड़कंप

आगरा। आगरा रेल मंडल द्वारा यात्रियों को बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा से रोकने तथा राजस्व संरक्षण के उद्देश्य से मंडल में दिनांक 05.06.2026 को विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के मार्गदर्शन एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक संजय गौतम एवं  संजीव कुमार जाटव तथा मंडल वाणिज्य निरीक्षक आर के सिंह के नेतृत्व में मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण स्टेशनों एवं ट्रेनों में एक दिवसीय व्यापक टिकट जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान  विजय सिंह मीना सीटीआई आगरा,  नागेन्द्र तिवारी सीटीआई मथुरा जंक्शन, संजय वर्मा सीटीआई आगरा किला,  बी एल चौधरी सीटीआई ईदगाह आगरा, बलजीत सिंह एवं  गुलजार मोहम्मद STF प्रभारी सहित मंडल के समस्त डिपो प्रभारी तथा टिकट जांच स्टाफ  की टीमों द्वारा स्टेशनों, ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में सघन जांच की गई। जांच के दौरान 1058 बिना टिकटयात्रियों से ₹-9,29,675 & 1460 अनियमित यात्रियों से ₹-8,09,570, तथा 181 यात्रियों से बिना बुक किए गए सामान एवं रेल परिसर में धूम्रपान/गंदगी करने के मामलों में कुल ₹-18,550 सहित कुल 2699 यात्रियों/मामलों को पकड़ा गया, जिनसे रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत कुल ₹-17,57,795 (रुपये – सत्रह लाख सत्तावन हज़ार सात सौ पिच्चानवे) का कुल राजस्व अर्जित किया गया।
यह आगरा मंडल के एक दिवसीय इतिहास में सर्वाधिक राजस्व वसूली का एक नया कीर्तिमान है।
मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री संजय गौतम द्वारा बताया गया कि बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार के सघन टिकट जांच अभियान चलाए जाएंगे।
मंडल रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन करें।
आगरा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं नियमबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *