सिटी बस में नगर आयुक्त बने यात्री, 31 में से 26 यात्रियों पर मिले टिकट

Press Release उत्तर प्रदेश

—– प्रतापपुरा से भगवान टॉकीज तक सफर में सामने आई बड़ी लापरवाही
—- कंडक्टर को रूट से हटाने के आदेश,एआर एम को चेतावनी

आगरा। शहर की सिटी बस सेवा की हकीकत जानने के लिए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने शनिवार को खुद आम यात्री बनकर सिटी बस में सफर किया। प्रतापपुरा से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान नगर आयुक्त ने न केवल टिकट व्यवस्था की पड़ताल की बल्कि यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं। निरीक्षण में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद नगर आयुक्त ने सिटी बस ट्रांसपोर्ट के ए आर एम को सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए बस कंडक्टर को रूट से हटाने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने प्रतापपुरा से कलेक्ट्रेट तक का टिकट खरीदा, लेकिन वे उसी टिकट के साथ भगवान टॉकीज तक यात्रा करते रहे। इस दौरान बस परिचालक (कंडक्टर) अभिषेक राज ने न तो टिकट की वैधता की जांच की और न ही किसी यात्री से टिकट दिखाने को कहा। इतना ही नहीं, बस में यात्रा कर रहे कई यात्रियों के पास टिकट ही नहीं थी, फिर भी किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं की गई।
निरीक्षण के दौरान जब यात्रियों की टिकटों की जांच की गई तो बस में मौजूद लगभग 31 यात्रियों में से केवल 26 यात्रियों के पास ही टिकट मिली। नगर आयुक्त ने इसे बेहद गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि टिकट जांच व्यवस्था में ढिलाई के कारण प्रतिदिन हजारों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
नगर आयुक्त ने कहा कि यदि नियमित रूप से टिकट चेकिंग और निगरानी की व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित की जाए तो राजस्व हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए और सिटी बस ट्रांसपोर्ट के एआरएम (सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक) सत्येन्द्र कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश भी जारी किए।
यात्रा के दौरान नगर आयुक्त ने बस में मौजूद यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। कई यात्रियों ने बसों की समयबद्धता, टिकट व्यवस्था और संचालन से जुड़ी शिकायतें सामने रखीं। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि यात्रियों को बेहतर और पारदर्शी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ एकाउंट ऑफिसर विपिन यादव सहित अन्य संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन की इस औचक कार्रवाई के बाद सिटी बस संचालन व्यवस्था में हड़कंप मचा हुआ है और आने वाले दिनों में व्यापक जांच एवं सुधारात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *