आगरा, 6 मई। रोहता से लेकर जखोदा के पुल से पहले तक पूरी नहर की पटरी की साइड को काट कर नहर के अंदर मिट्टी डाल दी गयी है। जिससे नहर पटरी टूटने फूटने की आशंका बनी हुई है। इसकी शिकायत किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने जिलाधिकारी से की। इसके बाद अधिशासी अभियंता कर्णपाल ने मौके पर पोकलेन मशीनों को रुकवाया और चेतावनी दी नहर की पटरी को काटना बंद कर दें। इस पर जल निगम के कर्मचारियों की अधिशासी अभियंता से कहासुनी हो गई और काम को नहीं रोका। अधिशासी अभियंता कर्णपाल ने एसडीओ पंकज अग्रवाल एवं जिलेदार और सींचपाल को फोन पर बताया कि नहर की पटरी का काटा जा रहा है । इसके बाद भी जल निगम के ठेकेदार ने काम बंद नहीं किया तो आज किसान नेता ने जिलाधिकारी से शिकायत कर दी। इस पर थाना मलपुरा से पुलिस गयी और काम बंद कराने के साथ ही कर्मचारियों को भी थाने में बंद करा दिया।
नहर विभाग से जलनिगम के अधिकारियों और ठेकेदार ने कोई परमिशन नहीं ली । किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने नहर विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिली भगत से ठेकेदार नहर की पटरी काट कर पाइप लाइन डालने लगा। बिना परमिशन के ऐसा क्यों किया इस की जांच होनी चाहिए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा होना चाहिए।
समाज सेवी रामू चौधरी ने नहर विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाया कि नहर की पटरी काट कर नहर में मिट्टी डाली गई जिससे नहर की चौड़ाई कम होगी। आने वाले समय में किसानों को पानी कम आने से भारी दिक्कत सिंचाई करने में होगी। किसानों की फसल बर्बाद कराने का आरोप लगाया। समाज सेवी सुरेंद सिंह ने कहा, नहर विभाग के अधिकारियों ने साठगांठ करके नहर विभाग की जमीन पर कब्जा कराने का आरोप लगाया । किसान नेता श्याम सिंह चाहर, सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार ,रामू चौधरी, दिलीप कुमार, जमील खां, राजेश कुमार, सोनू सिंह चौहान, मनोज कुमार, आकाश ठाकुर आदि किसान नेता मौके पर मौजूद थे।


