आगरा। लोहा मंडी जोन में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर नगर निगम प्रशासन सख्त हो गया है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने निगम सदन में सेनेटरी सुपरवाइजरों की बैठक लेकर सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त ने सभी सेनेटरी सुपरवाइजरों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि समय समय पर निरीक्षण के दौरान सिकंदरा, अलबतिया, बोदला, रुई की मंडी और कोठी मीना बाजार क्षेत्र में कई स्थानों पर गंदगी तथा कूड़ा प्वाइंट पर कचरे के ढेर पाए गए। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कूड़ा उठान सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और सफाई कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में क्षेत्रीय जेडएसओ महेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


