जनभागीदारी से नंबर-1 का लक्ष्य, फीडबैक सिस्टम मजबूत करने पर जोर

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को शीर्ष स्थान दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा सिटिजन फीडबैक को केंद्र में रखते हुए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने की, जिसमें नगर स्वास्थ्य अधिकारी, एसएफआई प्रतिनिधि एवं सफाई नायक मौजूद रहे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में नागरिकों का फीडबैक निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए इसे और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को फीडबैक देने के लिए प्रेरित किया जाए तथा उन्हें स्वच्छता ऐप, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों की जानकारी दी जाए।
सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि केवल सफाई व्यवस्था बेहतर करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों की संतुष्टि और उनका सकारात्मक फीडबैक ही शहर को रैंकिंग में आगे ले जा सकता है। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने, मोहल्लों में संपर्क बढ़ाने और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सफाई मित्रों और फील्ड स्टाफ को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे नागरिकों से संवाद स्थापित कर सकें और उन्हें फीडबैक देने के लिए प्रेरित कर सकें। साथ ही, जिन क्षेत्रों से नकारात्मक फीडबैक मिल रहा है, वहां त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा संजीव वर्मा ने बताया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और फीडबैक के आधार पर कार्यों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है।स्पष्ट किया कि “स्वच्छ आगरा, श्रेष्ठ आगरा” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और सकारात्मक फीडबैक ही इस दिशा में सबसे बड़ा माध्यम बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *