जनगणना कार्य में लापरवाही पड़ी भारी: 107 प्रगणक और 17 सुपरवाइजरों पर एफ आई आर दर्ज करने के आदेश

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। जनगणना के अति महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में हुई आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णय के तहत ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और कार्य में अनियमितता बरतने वाले 107 प्रगणकों तथा 17 पर्यवेक्षकों समेत कुल 124 कर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के सख्त आदेश जारी किए गए हैं।
—– जनगणना अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
इस संबंध में जानकारी देते हुए चार्ज अधिकारी लोहा मंडी जोन शिवकुमार गौतम ने बताया कि बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लगातार अनुपस्थित पाए गए इन कर्मचारियों पर जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 4, 5 और 11 के प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया जा रहा है।

— दिन-रात चलेगा अभियान, प्रशासन सख्त

वहीं नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार सख्त निर्देश दिए हैं कि अनुपस्थित और कार्य में लापरवाही करने वाले प्रगणकों और सुपरवाइजरों के खिलाफ दिन-रात अभियान चलाकर दंडात्मक कार्रवाई पूरी की जाए। इस संबंध में आदेश पत्र जारी कर दिए गए हैं और संबंधित थाना क्षेत्रों में जल्द से जल्द प्राथमिक दर्ज कराई जाएगी। अगर यह कर्मचारी शुक्रवार को होने वाले अंतिम प्रशिक्षण में शामिल नहीं होते हैं तो इनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है।
इस कड़े कदम से जनगणना कार्य में लगे अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने सभी कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि वे तुरंत अपने निर्धारित कर्तव्यों पर लौटें, अन्यथा और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *