आगरा, 5 नवंबर, 2026। शुभ दीपावली के शुभ अवसर पर फतेहाबाद विधान सभा के आगामी चुनाव में टिकट के दो प्रमुख दावेदारों का आज दोपहर सांसद आवास पर आगमन लगभग एक साथ हो गया। एक दावेदार दल बल के साथ आये थे तो वह अंदर सांसदजी से मिलने चले गये। थोड़ी ही देर बाद दूसरे दावेदार आये तो उनको पता चला कि एक दावेदार पहले से सांसदजी के पास बैठे हैं तो वे उनके निजी सचिव के पास जाकर बैठ गये।
वाकया अजीतनगर गेट स्थित सांसद राजकुमार चाहर के कार्यालय कम आवास का है। दीपावली की शुभ कामनाओं के साथ फरियादियों की आज भीड़ लगी हुई थी। सांसदजी सुबह से ही अपने क्षेत्र के लोगों के साथ जनसुनवाई कर रहे थे। तभी कई नगर और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष भी शुभकामनाएं देने आ रहे थे। इसी दौरान दोपहर के समय पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह दलबल के साथ दीपावली की शुभ कामनायें देने सांसद के आवास पर पहुंचे। वे सांसदजी से मिल ही रहे थे कि तभी विधायक स्व. छोटेलाल वर्मा के सुपुत्र महेंद्र वर्मा अपने कुछ साथियों के साथ सांसद राजकुमार चाहर के आवास कम कार्यालय पर पहुंच गये। उन्हें जब पता चला कि डा. राजेंद्र सिंह अंदर सांसद जी के साथ बैठे हैं तो वे सांसदजी के निजी सचिव सत्येंद्र यादव के पास जाकर चुपचाप बैठ गये।
इसी दौरान कुछ पत्रकार भी वहां मौजूद थे। उन्होंने अंदाजा लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिये ये दोनों ही प्रमुख दावेदार हैं। माना जा रहा है कि टिकट वितरण में फतेहपुरसीकरी के सांसद राजकुमार चाहर की महत्वपूर्ण भूमिका रहनी है। इसलिये दावेदारों का दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर मिलने आना जरूरी है। इसी बहाने राजनीतिक चर्चा भी हो ही जाती है। टिकट तो दो में से एक को ही मिलेगी लेकिन वे अपनी गोटियां बिछाने में लगे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव भी नजदीक है। इसलिये दावेदारों द्वारा प्रयास तेजी से किये जा रहे हैं। वहीं आगरा ग्रामीण विधानसभा के दावेदारों द्वारा भी सांसदजी के आवास पर जोरदार दस्तक दी जा रही है।


