आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के उप महाप्रबंधक (सामान्य) अतुल कुमार मिश्रा ने आज आगरा मंडल रेलवे अस्पताल एवं आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया l
आगरा मंडल रेलवे अस्पताल के निरीक्षण के दौरान सिक-फिट रूम, रिकॉर्ड रूम, चिकित्सकों के कक्ष, फिजियोथेरेपी यूनिट, मेडिकल स्टोर, एफएसओ कार्यालय, लैब एवं टेस्टिंग सुविधा, आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा, नवनिर्मित भवन, ऑपरेशन थिएटर , पंजीकरण प्रक्रिया, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, स्वल्पाहार गृह सहित विभिन्न चिकित्सा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने तथा निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
इसके पश्चात उप महाप्रबंधक (सामान्य) ने आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, वेटिंग हॉल तथा स्टेशन की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। वॉल पेंटिंग के कार्य को बेहतर एवं आकर्षक बनाने पर जोर दिया l
रूफ-टॉप शॉप्स का निरीक्षण किया तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अच्छे ब्रांड्स के आउटलेट एवं OSOP जैसे अन्य स्टॉल/दुकानों को बढ़ावा देने पर जोर दिया l
वॉशरूम का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं यात्री सुविधाओं की स्थिति देखी।
स्टेशन के फर्स्ट एंट्री एरिया का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण, स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया l
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर प्रसाद, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आर.के. बघेला, मंडल इंजीनियर तृतीय अनादि मित्तल, मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर शुभम अग्रहरि, स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक संजय कुमार गौतम, सहायक मंडल इंजीनियर बी.एल. मीना, सीनियर सेक्शन इंजीनियर दिनेश कुमार बघेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


