
—– ताजगंज के गोबर चौकी सब्जी मंडी में 14 लोगों पर कार्रवाई, दोबारा गंदगी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
आगरा। शहर में खुले स्थानों पर कूड़ा फेंककर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अब ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके घर-घर नोटिस भेजे जाएंगे। नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे अथवा खाली पड़े भूखंडों पर कूड़ा फेंकने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही मौके पर कूड़ा फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा के अनुसार, इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने गोबर चौकी सब्जी मंडी क्षेत्र में कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान खुले स्थान पर कूड़ा डालने और आसपास गंदगी फैलाने वालों को चिन्हित किया गया। अभियान के तहत 14 लोगों के खिलाफ नोटिस की कार्रवाई की गई है। संबंधित लोगों को भविष्य में खुले में कूड़ा न फेंकने की स्पष्ट चेतावनी दी गई है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य केवल जुर्माना या नोटिस जारी करना नहीं, बल्कि शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इसके बावजूद यदि लोग लगातार चेतावनी की अनदेखी करते हुए खुले में कूड़ा फेंकते पाए गए तो उनके खिलाफ नियमानुसार शमन शुल्क वसूलने के साथ अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
—- घर-घर पहुंचेगा नोटिस, दोबारा गंदगी मिली तो होगी कार्रवाई
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि नगर निगम द्वारा ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां लोग नियमित रूप से कूड़ा डालकर गंदगी फैला रहे हैं। संबंधित लोगों को नोटिस देकर उन्हें कूड़ा खुले में नहीं डालने और नगर निगम की निर्धारित कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। यदि नोटिस के बाद भी संबंधित व्यक्ति खुले में कूड़ा डालते पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि घरों और दुकानों से निकलने वाले कूड़े को सड़क, नाले, खाली प्लॉट या सार्वजनिक स्थान पर न फेंकें। कूड़ा नगर निगम की डोर-टू-डोर कलेक्शन व्यवस्था के माध्यम से ही दें। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ नगर निगम का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
“शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी है। खुले में कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। नोटिस के बाद भी यदि कोई व्यक्ति दोबारा खुले में कूड़ा डालता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।”


