
— रेस्टोरेंट और ढाबों में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई, हजारों रुपये का जुर्माना वसूला
आगरा। ईदगाह नामनेर क्षेत्र में नगर निगम प्रशासन ने स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले रेस्टोरेंट, ढाबों और दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक और थर्माकोल के गिलासों का इस्तेमाल करने तथा गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने प्रतिबंधित गिलास जब्त करने के साथ ही हजारों रुपये का जुर्माना भी वसूला।
अभियान के दौरान क्षेत्र के रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने और प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं थर्माकोल के उत्पादों का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए। टीम ने मौके पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
—- फास्ट फूड की दुकान पर प्रतिबंधित गिलासों में परोसी जा रही थी शराब
अभियान के दौरान रवि फास्ट फूड पर प्लास्टिक के गिलासों में लोगों को शराब पिलाई जा रही थी। नगर निगम की टीम ने मौके से प्रतिबंधित गिलास जब्त कर लिए। दुकानदार को भविष्य में प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी गई।
नगर निगम प्रशासन की ओर से दुकानदारों को स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक स्थलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर गंदगी फैलाने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर कार्रवाई की जाएगी। अभियान का नेतृत्व एसएफआई नीरेंद्र ने प्रवर्तन दल की टीम के साथ किया।


