फसाड लाइटों से दमकेगी ताजनगरी, चार हजार से अधिक स्थानों पर लगाई गई नई लाइटें

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नगर निगम द्वारा दिखाई गई फसाड लाइटों से सजे चौराहे और चमकेंगे पेड़-पौधे

आगरा। दीपोत्सव के शुभ अवसर पर नगर निगम ने शहर को रोशनी की चादर में लपेटने की तैयारी पूरी कर ली है। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों और ऐतिहासिक स्थलों को रंग-बिरंगी फसाड लाइटों से सजाया जा रहा है। इतना ही नहीं, सड़क किनारे लगे पेड़-पौधों पर भी आकर्षक लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे पूरा शहर दीपमय और मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करेगा।शहर के सभी वार्डों में चार हजार से अधिक लाइट और पोल लगाएं जा रहे हैं।
नगर निगम के मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि पंचोत्सव के मौके पर पूरे शहर की विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त और चाक-चौबंद किया गया है। सभी प्रमुख स्थानों पर बिजली आपूर्ति सुचारू रहे, इसके लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया है। फतेहाबाद रोड स्थित फूल सैय्यद चौराहे को रंग बिरंगे छातों से सजाया गया है।
उन्होंने बताया कि पांच दिन तक चलने वाले दीपोत्सव के दौरान फसाड लाइटें हर शाम शहर के कोने-कोने को जगमगाती रहेंगी। नगर निगम की यह पहल न केवल शहर के सौंदर्य में चार चाँद लगाएगी, बल्कि आगरा आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देशन में शहर को “प्रकाश पर्व” के अनुरूप सजाने का काम तेज़ी से जारी है। ताजमहल, फतेहाबाद रोड, एम.जी. रोड, बल्केश्वर, कमला नगर, संजय प्लेस और हाथी घाट जैसे प्रमुख स्थानों पर विशेष लाइटिंग इफेक्ट तैयार किए गए हैं। दीपोत्सव के अवसर पर यह रोशनी न केवल सौंदर्य का प्रतीक बनेगी बल्कि आगरा की “स्वच्छ, सुरक्षित और प्रकाशमय” पहचान को और मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *