
— टेढ़ी बगिया में नाली बंद कर बनाया गया रैंप भी तोडा गया, विरोध के बीच टास्क फोर्स ने की सख्त कार्रवाई
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने शहर में अवैध निर्माण और सार्वजनिक सुविधाओं में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्री वॉल को ध्वस्त किया गया, वहीं सीमेंट डालकर बंद की गई नाली और बनाए गए रैंप को तोड़कर जल निकासी व्यवस्था बहाल कराई गई।
नगर निगम को शिकायत प्राप्त हुई थी कि प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में एक चिकित्सक द्वारा पहले टिन शेड डाला गया और उसके बाद रोड साइड पटरी पर बाउंड्री वॉल बनाकर अवैध कब्जा कर लिया गया है। शिकायत मिलने पर निर्माण विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण अवैध पाए जाने पर निगम अधिकारियों ने निर्माण स्थल पर लाल निशान लगाकर संबंधित पक्ष को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
नगर निगम द्वारा निर्धारित समय सीमा दिए जाने के बावजूद आठ दिन तक अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद मंगलवार को निगम की टास्क फोर्स ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। निर्माण स्थल पर डा. सुनीता सिंह प्रसूती रोग विशेषज्ञ का बोर्ड लगा हुआ था। कार्रवाई सहायक अभियंता जीवेक के निर्देशन में संपन्न कराई गई।
इसी क्रम में अमित विहार, गढ़ी जीवनराम, टेढ़ी बगिया क्षेत्र में भी निगम प्रशासन ने कार्रवाई की। यहां शिव चौहान नामक व्यक्ति द्वारा घर के सामने सीमेंट डालकर सार्वजनिक नाली को बंद कर दिया गया था। स्थानीय निवासियों ने इसकी शिकायत नगर निगम प्रशासन से की थी। नाली बंद होने के कारण आसपास के घरों में जल निकासी प्रभावित हो रही थी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने मौके का निरीक्षण कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर निगम की टीम ने जेसीबी मशीन से घर के सामने बनाया गया रैंप तोड़ दिया और बंद नाली को पुनः खुलवा दिया। इससे क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था सामान्य हो सकी।
दोनों स्थानों पर कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन नगर निगम की टास्क फोर्स ने प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि, सड़क पटरी, फुटपाथ और नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
—– नगर आयुक्त का वर्जन
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि “सार्वजनिक भूमि, सड़क पटरी और नालियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच कर कार्रवाई की जा रही है। नागरिकों की सुविधा और शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं को प्रभावित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ नगर निगम का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।”


