पात्र दिव्यांग जनों को वेंडिंग जोन में आवंटित की जाएंगी स्टाल

Press Release उत्तर प्रदेश

—– दिव्यांगों ने नगर निगम में किया प्रदर्शन, स्वरोजगार के लिए खाली दुकानों के आवंटन की उठाई मांग
—— एक माह में होगा प्रस्ताव पर विचार, पात्र दिव्यांगों को वेंडिंग जोन में स्टॉल आवंटित कराने का आश्वासन

आगरा।भारतीय दिव्यांग एकता मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मंगलवार को नगर निगम पहुंचे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दिव्यांगों के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में दिव्यांगजनों ने कहा कि समाज की मुख्यधारा से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए उन्हें विशेष सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम की खाली पड़ी दुकानों का प्राथमिकता के आधार पर दिव्यांगों को आवंटन किया जाए, ताकि वे अपना व्यवसाय स्थापित कर सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग उठाई कि दिव्यांगों के लिए आरक्षित अथवा खाली पड़ी दुकानों पर यदि किसी व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर रखा है तो ऐसे कब्जों को तत्काल हटाकर पात्र दिव्यांगों को दुकानें उपलब्ध कराई जाएं।
प्रदर्शन के दौरान मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांगजन रोजगार और आजीविका के सीमित साधनों के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में नगर निगम की ओर से उन्हें दुकानों या स्टॉलों का आवंटन किया जाना उनके लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
दिव्यांगजनों का ज्ञापन अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी तथा आगामी एक माह के भीतर प्रस्तावित टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में इस विषय को विचारार्थ प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र दिव्यांगजनों को वेंडिंग जोन में स्टॉल आवंटित कराने की प्रक्रिया को नगर निगम द्वारा यथाशीघ्र आगे बढ़ाया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद दिव्यांगजनों ने उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रदर्शन में भारतीय दिव्यांग एकता मंच के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *