राजामंडी और यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर चला नगर निगम का बुलडोजर, भारी हंगामा

Press Release उत्तर प्रदेश

—– अवैध निर्माण तोड़ने के दौरान युवक जेसीबी पर चढ़ा, जांच के आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला

आगरा। राजामंडी रेलवे स्टेशन और यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर गुरुवार को नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में दुकानों और मकानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ तक बढ़ाए गए टिन शेड, लोहे की जालियां तथा अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर विरोध भी देखने को मिला, हालांकि अधिकारियों के समझाने और जांच का आश्वासन देने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
नगर निगम की टीम सुबह से ही राजामंडी रेलवे स्टेशन और यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर पहुंची, जहां सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लगाए गए टिन शेड, लोहे की जालियां तथा अन्य अस्थायी और स्थायी निर्माण हटाए गए, जिससे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।
यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सड़क किनारे लोहे की जाली लगाकर लगाए गए टिन शेड को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। इस दौरान सन्नी पुत्र सत्यप्रकाश ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए जेसीबी पर चढ़कर निर्माण तोड़े जाने का विरोध किया। उसका आरोप था कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर उसके निर्माण को गलत तरीके से तोड़ा जा रहा है और पहले इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों ने उसे समझाते हुए कहा कि यदि जांच में निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में पाया जाएगा तो नियमानुसार उसे हटाया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और अभियान दोबारा शुरू कर दिया गया।
अभियान के दौरान दोनों क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दुकानों और मकानों के सामने सड़क व फुटपाथ तक निकाले गए टिन शेड, लोहे की जालियां तथा अन्य अवैध निर्माणों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आमजन की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभियान का नेतृत्व सहायक अभियंता जीवेक ने किया। इस दौरान नगर निगम के प्रवर्तन दल, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा पुलिस बल भी मौजूद रहा।

—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन :
“शहर में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नगर निगम द्वारा पूरी तरह नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति को कार्रवाई पर कोई आपत्ति है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रख सकता है, लेकिन सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *