रेलवे स्टेशनों तक जाने वाले सभी मार्ग होंगे चौड़े और अतिक्रमण मुक्त : नगर आयुक्त

Press Release उत्तर प्रदेश

—– 25 जुलाई तक दिखेगा बदलाव, नगर निगम ने शुरू किया विशेष सौंदर्यीकरण और स्वच्छता अभियान

आगरा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा है कि शहर के सभी रेलवे स्टेशनों के प्रवेश मार्गों एवं वहां तक पहुंचने वाली सड़कों को व्यापक स्तर पर विकसित करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में रेलवे भूमि को छोड़कर रेलवे स्टेशनों तक जाने वाले सभी मार्गों को चौड़ा, सुंदर, स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों और शहरवासियों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
नगर आयुक्त ने बताया कि अभियान के तहत संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रेलवे स्टेशनों के सभी प्रवेश मार्गों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इसके साथ ही सड़कों के मध्य स्थित सेंट्रल वर्ज (ग्रीन बेल्ट) का सौंदर्यीकरण एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। मार्गों पर लगातार एवं सुरक्षित फुटपाथ विकसित किए जाएंगे, पर्याप्त स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था होगी तथा चौबीसों घंटे साफ-सफाई बनाए रखने के लिए विशेष सफाई व्यवस्था लागू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई एवं बेहतर रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाएगा। जहां आवश्यक होगा, वहां मरम्मत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

नियमित होगी अभियान की मानिटरिंग —-
नगर आयुक्त के अनुसार ने इस अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वर्तमान स्थिति के फोटोग्राफ उपलब्ध कराएं तथा आगामी 25 जुलाई को किए गए कार्यों की प्रगति और स्थल की नवीनतम तस्वीरें भी प्रस्तुत करें। इससे अभियान की वास्तविक प्रगति का मूल्यांकन किया जा सकेगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।

बाहर से आने वाले यात्रियों पर बनेगी शहर की सकारात्मक छवि —–

उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाले मार्गों को शहर की पहचान के अनुरूप स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक बनाना है। इस अभियान से न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि बाहर से आने वाले यात्रियों पर भी शहर की सकारात्मक छवि बनेगी। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, अतिक्रमण न करने और नगर निगम के इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *