बरसात से पहले नगर निगम का बड़ा एक्शन, 600 ट्रैक्टर ट्रॉली सिल्ट हटाई

Press Release उत्तर प्रदेश

—— नालों की तली झाड़ सफाई अभियान तेज, 150 से अधिक कर्मियों ने संभाली कमान

आगरा। आगामी बरसात को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहरभर में नालों की तली झाड़ सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत चारों जोन में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य कराया गया, जिसमें लगभग 600 ट्रैक्टर ट्रॉली सिल्ट को उठवाया गया।
नगर निगम द्वारा चलाए गए इस अभियान में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लोडर, टिपर और ट्रैक्टर ट्रॉली सहित तीन दर्जन से अधिक वाहनों को लगाया गया। इसके साथ ही 150 से अधिक कर्मचारियों और अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर अभियान को सफल बनाया।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि यह अभियान विशेष रूप से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। नालों में जमी गाद (सिल्ट) को हटाने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और शहरवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम का लक्ष्य बरसात से पहले सभी प्रमुख और सहायक नालों की तली झाड़ सफाई पूरी करना है। इसके लिए लगातार अभियान चलाकर संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है।
जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या अधिक रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है और अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम की इस पहल से शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही मानसून के दौरान संभावित जलभराव की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *