सड़क किनारे कब्जा करने वालों पर चला नगर निगम का डंडा, दुकानदारों और टास्क फोर्स में तीखी झड़पें

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क किनारे अतिक्रमण कर कारोबार करने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को भगवान टॉकीज के आसपास अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे खड़ी ठेल-ढकेलों और काउंटरों को हटवाते हुए करीब एक दर्जन ठेल-ढकेल व काउंटर जब्त कर लिए। वहीं, गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के चालान भी किए गए। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान एसएफआई जागेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ठेल-ढकेलों और दुकानों के बाहर रखे काउंटरों को हटवाया। सड़क पर अतिक्रमण होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। टीम ने दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ पर सामान न फैलाने तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर नगर निगम की टास्क फोर्स और दुकानदारों के बीच तीखी झड़पें भी हुईं। अतिक्रमण हटाने और सामान जब्त करने को लेकर दुकानदारों ने विरोध जताया, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि, नगर निगम की टीम ने अभियान जारी रखते हुए सड़क किनारे रखे सामान को हटवाया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के चालान किए जाने से साफ-सफाई को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना है। अधिकारियों के अनुसार, शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सार्वजनिक रास्तों को खाली कराया जा रहा है।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
“शहर में सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण करने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों से अपील है कि वे निर्धारित स्थान पर ही अपना कारोबार करें और शहर की स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *