
नगर आयुक्त ने जल निगम के एक्सईएन को दिए क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल ठीक कराने के निर्देश
भविष्य में कोई नुकसान होने पर ठेकेदार पर होगी कार्रवाई
आगरा। शाहदरा स्थित गौशाला में पानी की टंकी के निर्माण के लिए की जा रही खोदाई के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है। खोदाई के चलते गौशाला की करीब 40 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल भरभराकर गिर गई, जबकि दीवार का शेष हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे मामले से नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को अवगत कराया। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी गोवंश को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।
शाहदरा स्थित गौशाला प्रांगण में जल निगम की ओर से पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। खोदाई के दौरान देखते ही देखते गौशाला की करीब 40 मीटर दीवार ढह गई। दीवार का बाकी हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होने से गौशाला की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।
—– नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी, तत्काल मरम्मत के निर्देश
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय सिंह ने मामले की जानकारी होने पर मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने जल निगम के एक्सईएन को तत्काल क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवॉल को ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान संबंधित एजेंसी को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि गौशाला की संपत्ति और वहां मौजूद गोवंश को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।
नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि भविष्य में निर्माण कार्य के दौरान गौशाला को किसी भी प्रकार की क्षति पहुंचती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने क्षतिग्रस्त दीवार को दुरुस्त कराने पर जोर देते हुए निर्माण कार्य में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी है।


