
आगरा। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान से जहां आम जनमानस बेहाल है, वहीं पशु-पक्षियों के लिए यह समय और भी कठिन साबित हो रहा है। तेज धूप और सूखे हालात के कारण उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे उनकी जान पर भी बन आती है। ऐसे हालात को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने सराहनीय पहल करते हुए शहर में पशु-पक्षियों के लिए जलकुंड (पानी के पात्र) रखवाने का अभियान शुरू किया है।
नगर निगम द्वारा यह कार्य शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एनीमल लवर्स के सहयोग से कराया जा रहा है। इन जलकुंडों में नियमित रूप से स्वच्छ पानी भरने और उनकी साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी एनीमल लवर्स को सौंपी गई है, ताकि पशु-पक्षियों को लगातार सुरक्षित और स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक चरण में शहर के अलग-अलग स्थानों पर करीब 100 जलकुंड रखवाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता महसूस होती है तो भविष्य में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।
गर्मी के मौसम में जल स्रोतों के सूख जाने से पशु-पक्षियों को भारी संकट का सामना करना पड़ता है। पानी की कमी के चलते उनकी शारीरिक क्षमता प्रभावित होती है, कई बार वे बीमार पड़ जाते हैं और अत्यधिक तापमान के कारण उनकी मृत्यु तक हो जाती है। खासकर पक्षियों के लिए यह समय अत्यंत संवेदनशील होता है, क्योंकि उन्हें खुले आसमान में उड़ान के दौरान पर्याप्त जल नहीं मिल पाता। गर्मी और पानी न मिलने से कुत्तों का स्वभाव भी चिड़चिड़ा हो जाता है। डांग बाइटिंग की घटनाएं बढ़ जाती हैं। नगर निगम की यह पहल न केवल पशु-पक्षियों के जीवन को सुरक्षित रखने में सहायक साबित होगी, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सह-अस्तित्व का संदेश भी दे रही है।
—– नगर आयुक्त का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में हर नागरिक को आगे आकर पशु-पक्षियों के लिए अपने घरों, दुकानों और आसपास के स्थानों पर पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “छोटा सा प्रयास भी किसी जीव के जीवन को बचा सकता है। सभी लोग अपने स्तर पर जलकुंड या पानी के बर्तन रखकर उन्हें नियमित भरें, ताकि कोई भी जीव प्यासा न रहे।”


