—- बारिश में मिट्टी बहने से झुकी थी दीवार, आठ सौ मीटर लंबी दीवार का 70 मीटर हिस्सा हुआ था टिल्ट
आगरा। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सीएमवीएनवाई) के तहत कालिंदी विहार 100 फुटा रोड, शाहदरा के समीप निर्माणाधीन बुद्धा पार्क में भारी बारिश के कारण झुक गई चहारदीवारी को नगर निगम प्रशासन ने जनसुरक्षा के मद्देनजर तत्काल गिरवा दिया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि दीवार की स्थिति असुरक्षित हो गई थी और उसके यथास्थिति बने रहने पर किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका थी।
प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि 8 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान पार्क परिसर में अत्यधिक जलभराव हो गया था। निर्माणाधीन पार्क में वर्षाजल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी चहारदीवारी के पीछे एकत्रित हो गया, जिससे मिट्टी पर दबाव बढ़ा और उसका कटाव शुरू हो गया। लगातार पानी और मिट्टी के बहाव के कारण दीवार का सत्तर मीटर हिस्सा अपनी मूल स्थिति से झुक गया था।
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि झुकी हुई दीवार के अचानक गिरने से निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों, आसपास के निवासियों तथा राहगीरों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसके बाद जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए झुकी हुई चहारदीवारी को नियंत्रित एवं सुरक्षित तरीके से गिरवा दिया।
कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर आमजन और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। नगर निगम अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दीवार को हटाने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
मुख्य अभियंता के अनुसार बारिश के दौरान अत्यधिक मिट्टी बहने और धंसाव के कारण दीवार का हिस्सा झुक गया था। हटाई गई दीवार का पुनः निर्माण ठेकेदार के द्वारा कराया जाएगा। पार्क परिसर में स्थायी और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे वर्षाजल का उचित निस्तारण हो सके। नगर निगम ने निर्माणाधीन पार्क की अन्य संरचनाओं का भी तकनीकी निरीक्षण कराने का निर्णय लिया है, ताकि बारिश और जलभराव के कारण किसी अन्य हिस्से में दरार, झुकाव या धंसाव जैसी समस्या उत्पन्न न हुई हो। निर्माण कार्य के दौरान प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का भी विशेष रूप से परीक्षण किया जाएगा।
वर्जन —-
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि नगर निगम के लिए जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी निर्माणाधीन अथवा पुरानी संरचना में खतरे की स्थिति मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वर्षा ऋतु के दौरान निर्माण स्थलों की नियमित निगरानी की जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को समय रहते समाप्त किया जा सके ।


