ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी क्रियान्वयन की तैयारी में जुटा नगर निगम

Press Release उत्तर प्रदेश

—– गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण पर जोर, स्वच्छ आगरा बनाने के लिए मंथन

आगरा। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कचरे के उचित निस्तारण की प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के क्रियान्वयन को लेकर पहल शुरू कर दी है। शुक्रवार को स्मार्ट सिटी सभागार में सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम की अध्यक्षता में इस संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने तथा कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में शहर में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कचरे के उचित प्रबंधन को स्वच्छ शहर के निर्माण के लिए आवश्यक बताते हुए इस दिशा में व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श किया। बैठक का प्रमुख उद्देश्य शहर में स्वच्छता के स्तर को बेहतर बनाना और कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना रहा।

गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण अहम—-

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करना महत्वपूर्ण है। इससे कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने, उपयोगी अपशिष्ट के पुनर्चक्रण और गीले कचरे से खाद तैयार करने जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। बैठक में कचरे के पृथक्करण और उसके उचित निस्तारण से संबंधित व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही स्वच्छता संबंधी नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को भी आवश्यक बताया गया।

स्वच्छ एवं सुंदर आगरा बनाने पर जोर—-

नगर निगम प्रशासन और सहयोगी संस्था म्यूज़ फाउंडेशन की ओर से स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में भी स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *