
—– राजामंडी रेलवे फाटक और जौहरी बाजार के साप्ताहिक बाजार पर नगर निगम की सख्ती, सोमवार का जाम हुआ खत्म
—– नगर निगम टास्कफोर्स की कार्रवाई से मचा हड़कंप
आगरा। लोहामंडी जोन स्थित राजामंडी स्टेशन रेलवे फाटक के किनारे प्रत्येक सोमवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार इस बार नगर निगम प्रशासन की सख्ती के चलते नहीं लग सका। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर नगर निगम की टास्कफोर्स ने सुबह से ही मौके पर मोर्चा संभाल लिया और किसी भी दुकानदार को सड़क किनारे दुकान लगाने या सामान खोलने की अनुमति नहीं दी। कार्रवाई के चलते क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से आम नागरिकों को राहत मिली।
राजामंडी रेलवे फाटक के निकट सड़क किनारे लगने वाले इस साप्ताहिक बाजार के कारण प्रत्येक सोमवार को यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होती थी। बाजार में बड़ी संख्या में दुकानदारों और खरीदारी करने वाले लोगों के पहुंचने से सड़क संकरी हो जाती थी, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं। स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ता था।
सोमवार को नगर निगम प्रशासन ने इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कड़ा कदम उठाते हुए बाजार लगने से पहले ही टास्कफोर्स के जवानों को तैनात कर दिया। टीम ने सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर दुकानें लगाने का प्रयास कर रहे दुकानदारों को समझाकर वहां से हटाया तथा किसी भी प्रकार का अस्थायी बाजार नहीं लगने दिया।
इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र जौहरी बाजार में भी अभियान चलाया। यहां बीच सड़क पर सामान बेच रहे दुकानदारों को हटवाया गया तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान समेट लिया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़कें आम जनता और यातायात के लिए हैं तथा किसी भी स्थिति में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण और अवैध बाजार नहीं लगने दिए जाएंगे। आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि नागरिकों को सुगम यातायात और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
“राजामंडी रेलवे फाटक क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार के कारण लगातार जाम की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। आम नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है। सड़क और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण या बाजार नहीं लगने दिया जाएगा। नगर निगम की टास्कफोर्स नियमित रूप से अभियान चलाकर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई करती रहेगी।” – संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त


