नगरायुक्त ने बालूगंज में परखी सफाई व्यवस्था, गंदगी मिलने पर एसएफआई को नोटिस

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगरायुक्त आगरा संतोष कुमार वैश्य ने मंगलवार को वार्ड संख्या 41 बालूगंज का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को परखा। क्षेत्रीय पार्षद जयदीप सोनकर के साथ उन्होंने वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति देखी और प्रस्तावित कार्यों को लेकर जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की जनसुविधाओं और स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान वार्डवासियों की ओर से क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं भी उनके सामने रखी गईं। नगरायुक्त ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड में कई स्थानों पर गंदगी मिलने और सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नगरायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय एसएफआई नीरेन्द्र को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में सुधार लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगरायुक्त ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता प्रत्येक वार्ड में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छ वातावरण और विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्रीय समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनका समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
क्षेत्रीय पार्षद जयदीप शंकर ने वार्ड की आवश्यकताओं और प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में नगरायुक्त को जानकारी दी। नगरायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति और प्रस्तावित कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *