बरसात में नालों में गिरने वाले हादसों पर लगेगा ब्रेक, 140 नाले होंगे कवर

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नगर निगम ने तैयार किया 114.14 करोड़ का प्रस्ताव, शासन को भेजने की तैयारी

आगरा। बरसात के दौरान खुले नालों में गिरने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और शहर में जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने बड़े स्तर पर योजना तैयार की है। नगर निगम क्षेत्र में खुले और संवेदनशील नालों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। सर्वे के आधार पर शहर के 140 नालों को आवश्यकतानुसार कवर अथवा सुरक्षित करने के लिए 11,414.78 लाख रुपये (करीब 114.15 करोड़ रुपये) का प्रस्ताव तैयार किया गया है। शासन से धनराशि उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि बरसात के दौरान खुले नालों में गिरने की घटनाओं को रोकना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए पहले शहर के खुले और संवेदनशील नालों को चिह्नित कराया गया और इसके बाद उनका सर्वे कराया गया। सर्वे के आधार पर 140 नालों को कवर करने, मरम्मत कराने और आवश्यकतानुसार सुरक्षित करने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए 11,414.78 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिलने के बाद नालों को कवर और सुरक्षित करने का काम शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नालों में जलप्रवाह बाधित न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। नालों को सुरक्षित करने के साथ निर्बाध जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिन स्थानों पर तत्काल सुरक्षा की आवश्यकता है, वहां अस्थायी बैरीकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम कराए जा रहे हैं।

—- चारों जोन में चिन्हित किए गए नाले

नगर निगम के सर्वे में छत्ता जोन में 32, लोहामंडी जोन में 26, ताजगंज जोन में 35 और हरीपर्वत जोन में 47 नाले चिह्नित किए गए हैं। इन नालों को प्राथमिकता के आधार पर कवर अथवा सुरक्षित किया जाएगा।

इन प्रमुख नालों को किया जाएगा सुरक्षित—-

छत्ता जोन: वार्ड 82 में टेढ़ी बगिया चौराहे से रामबाग चौराहे तक मुख्य मार्ग और हाथरस रोड तक का नाला, वार्ड 55 शहादरा-जसवंत नगर में माता मंदिर नाला, वार्ड 53 ट्रांस यमुना कॉलोनी में चार सैयद से अप्सरा टॉकीज पुलिया तक तथा वार्ड 67 नवलगंज में स्टेशन रोड से बाबा मंदिर तक के नाले को योजना में शामिल किया गया है।

हरीपर्वत जोन: वार्ड 10 बुढ़ान सैय्यद बस्ती नाला, वार्ड 12 लोखंडे की चौकी स्थित हनुमान मंदिर के पास का नाला, वार्ड 28 चौरंगा मंदिर से नगला पदी मुख्य मार्ग का नाला, वार्ड 34 सरला बाग चौराहे से बाईपास चौराहे तक तथा आगरा पब्लिक स्कूल से पालीवाल पार्क चौराहे तक का नाला और वार्ड 56 रजवाड़ा में वाल्मीकि पुलिया से गिर्राज नगर मोड़ तक के नाले को सुरक्षित किया जाएगा।

ताजगंज जोन: वार्ड 41 में बैकुंठी देवी स्कूल के सामने का नाला, वार्ड 61 खवासपुरा, वार्ड 77 में शहीद नगर पुलिस चौकी से डबल पेट्रोल पंप तक, इंदिरापुरम सौ फुटा रोड से बैंक कॉलोनी-डा. राय स्कूल तक, वार्ड 70 मधुनगर मुख्य मार्ग का नाला तथा मुगल पुलिया से गोबर चौकी सब्जी मंडी तक के नाले को कवर कराने की योजना है।

लोहामंडी जोन: सेक्टर चार पुलिस चौकी के सामने से सेंट्रल पार्क तक, वार्ड 47 में कारगिल पेट्रोल पंप से ईंट मंडी तक, वार्ड 69 आवास विकास में बैनारा फैक्ट्री के सामने का नाला, जगदीशपुरा खतैना नाला और सेक्टर चार पुलिस चौकी से सेक्टर 11 शनिदेव मंदिर तक के नाले को भी योजना में शामिल किया गया है।

नगर आयुक्त ने कहा कि नालों को कवर करने का उद्देश्य केवल हादसों की रोकथाम ही नहीं, बल्कि शहर की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर और सुरक्षित बनाना भी है। शासन से प्रस्ताव को मंजूरी और अपेक्षित धनराशि मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से कार्य कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *