फुटपाथ पर सजी फूल मंडी हटाई, निगम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Press Release उत्तर प्रदेश

—- मदिरा कटरा–लोहा मंडी मार्ग पर तोता के ताल तक कार्रवाई, नाले की सफाई का रास्ता साफ

आगरा। नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मदिरा कटरा–लोहा मंडी मार्ग पर फुटपाथ और सड़क पर लग रही अस्थायी फूल मंडी को हटवा दिया। तोता के ताल तक सड़क और फुटपाथ घेरकर की जा रही फूलों की बिक्री के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा था, बल्कि नाले की नियमित सफाई भी बाधित हो रही थी।
क्षेत्र में लंबे समय से दर्जनभर से अधिक अस्थायी दुकानों द्वारा फुटपाथ पर कब्जा कर लिया गया था। दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे और नाले के ऊपर तक दुकानें लगाने से पैदल राहगीरों को सड़क पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा था। साथ ही नाले पर अतिक्रमण होने के कारण सफाईकर्मियों को सफाई कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिससे जलभराव की आशंका बनी हुई थी। क्षेत्रीय एसएफआई की ओर से लगातार इस अतिक्रमण को हटाने की मांग की जा रही थी। शिकायत के बाद नगर निगम ने मौके का निरीक्षण कर कार्रवाई की योजना बनाई।
अवर अभियंता मुकेश कुमार के नेतृत्व में निगम की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और फुटपाथ व नाले पर लगे सभी अस्थायी ढांचे हटवा दिए। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही। टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा फुटपाथ या नाले पर अतिक्रमण किया गया तो सामान जब्त करने के साथ दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
कार्रवाई के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है और नाले की सफाई का रास्ता भी साफ हो गया है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि फुटपाथ आम लोगों के लिए सुरक्षित और उपयोगी बने रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *