—– नागरिकों और आवंटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, जोखिम वाली संपत्तियों पर होगी तत्काल कार्रवाई
आगरा। सुभाष बाजार स्थित नगर निगम की आवंटित मार्केट में दुकान गिरने की घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने शहर की पुरानी निगम संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने नगर निगम की सभी पुरानी दुकानों, मार्केटों और व्यावसायिक परिसंपत्तियों का तत्काल सर्वे कर उनकी स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी की जांच कराने के निर्देश जारी किए हैं।
नगर आयुक्त द्वारा सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी सम्पत्ति श्रद्धा पाण्डेय को जारी निर्देशों में कहा गया है कि हाल ही में हुई लगातार और लगभग 18 घंटे तक चली बारिश के दौरान 8 जुलाई को सुभाष बाजार स्थित नगर निगम की आवंटित मार्केट में दुकान गिरने की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद शहर में नगर निगम की अन्य पुरानी संपत्तियों की स्थिति का आकलन करना आवश्यक हो गया है।
नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार महावीर मार्केट, देहली गेट, बल्केश्वर, फ्रीगंज, छीपीटोला, मोतीगंज समेत शहर के कई हिस्सों में निगम की दुकानें और व्यावसायिक संपत्तियां वर्षों पूर्व आवंटित की गई थीं। इन भवनों की निर्माण अवधि काफी पुरानी होने के कारण मानसून के दौरान लगातार हो रही वर्षा में इनके प्रभावित होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
इसी को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निगम की संपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी संरचनात्मक मजबूती का परीक्षण कराया जाए। जहां कहीं भी भवनों में कमजोरी या खतरे के संकेत मिलते हैं, वहां नियमानुसार मरम्मत, बैरिकेडिंग, उपयोग पर रोक अथवा अन्य आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाएगी। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को इस पूरी कार्रवाई की प्रतिदिन समीक्षा करने और प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को संबंधित जोनों के अवर अभियंताओं को सर्वे और निरीक्षण कार्य में पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि समय रहते पुरानी इमारतों की तकनीकी जांच और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है।
वर्जन —–
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि सुभाष बाजार की घटना को नगर निगम ने गंभीरता से लिया है। नागरिकों और आवंटियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर की सभी पुरानी निगम संपत्तियों और मार्केटों का सर्वे एवं स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी परीक्षण कराया जाएगा। जहां भी किसी प्रकार का जोखिम पाया जाएगा, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय स्थिति का सामना न करना पड़े।


