—- पीपल मंडी-दरेसी क्षेत्र में निगम की कार्रवाई से मचा हड़कंप, सामान जब्त करने की चेतावनी
आगरा। शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पीपल मंडी और दरेसी नंबर दो क्षेत्र में नालियों व फुटपाथ पर अतिक्रमण कर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानदार ऐसे पाए गए, जिन्होंने नालियों के ऊपर सामान रखकर न केवल सफाई व्यवस्था को बाधित कर रखा था, बल्कि क्षेत्र में गंदगी को भी बढ़ावा दिया जा रहा था। नगर निगम की टीम ने मौके पर ही सख्त रुख अपनाते हुए कुल 19,500 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
कार्रवाई का नेतृत्व जेडएसओ आशुतोष वर्मा द्वारा किया गया। टीम के पहुंचते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि नालियों और फुटपाथ पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण नालियों की नियमित सफाई में बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिससे जलभराव और गंदगी की समस्या बढ़ रही थी। यही कारण है कि निगम प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी। सभी दुकानदारों को चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी ने नालियों या फुटपाथ पर सामान रखा तो न केवल जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि उनका सामान भी जब्त कर लिया जाएगा।


