आगरा। ताजगंज क्षेत्र के नवादा टोला और पाक टोला में नलों में आ रहे गंदे और बदबूदार पानी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों के पूरे लश्कर के साथ प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया और नाला निर्माण व सीवर मरम्मत कार्य की हकीकत परखी।
बरसात में धंसा नाला, सीवर लाइन भी हुई क्षतिग्रस्त—-
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि बीते दिनों हुई बरसात के कारण नवादा टोला क्षेत्र में नाला धंस गया था। इसके तात्कालिक समाधान के लिए नाले का पानी सीवर लाइन में डायवर्ट कर दिया गया। लेकिन अत्यधिक दबाव के कारण सीवर लाइन भी बीच में क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते गोबर चौकी क्षेत्र में जहां एक ओर भीषण जलभराव की स्थिति बन गई, वहीं सीवर का गंदा पानी पास से गुजर रही वाटर सप्लाई लाइन में लीक होकर मिलने लगा। नतीजा यह हुआ कि क्षेत्र के सैकड़ों घरों में बदबूदार और दूषित पानी की सप्लाई होने लगी, जिससे बीमारियों का खतरा मंडराने लगा था।
शुद्ध पेयजल आपूर्ति के कड़े निर्देश—-
समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त ने मौके पर ही जलकल विभाग के महाप्रबंधक (जीएम) कुमार गौरव को सख्त निर्देश दिए कि जब तक लाइन पूरी तरह ठीक नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र में वैकल्पिक माध्यमों से हर हाल में शुद्ध पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अभियंताओं को चेतावनी दी कि क्षतिग्रस्त नाले और सीवर लाइन की मरम्मत का काम यथाशीघ्र बिना किसी लापरवाही के पूरा किया जाए।
पार्षद के साथ एसएनए ने भी परखी व्यवस्था—-
नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद, उनके निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त (एसएनए) अशोक प्रिय गौतम ने स्थानीय पार्षद के साथ तेलीपाड़ा और गोबर चौकी क्षेत्र का मुआयना किया। एसएनए ने मौके पर मौजूद जोनल सफाई अधिकारी (जेडएसओ) योगेंद्र कुशवाहा को क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था को पूरी तरह से चाक-चौबंद करने और एंटी-लार्वा छिड़काव कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त के साथ क्षेत्रीय अवर अभियंता (जेई) कृष्ण गोपाल, बवाग कंपनी के प्रतिनिधि भीम और जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा सहित नगर निगम व जलकल विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा के भीतर काम पूरा न होने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।


