स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत मार्केट में बांटे गए कपड़े के थैले

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत वार्ड संख्या 95 स्थित हनुमान मार्केट चौराहे पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर निगम और ‘म्यूस फाउंडेशन’ की टीम ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के अंतर्गत बाजार के सभी दुकानदारों को कपड़े के थैले वितरित किए गए और उनसे अपील की गई कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह बंद करें, वहीं दूसरी ओर खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों को भी घर से कपड़े का थैला लाने तथा प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर एस. एफ. आई. सुदेश यादव ने दुकानदारों और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्लास्टिक हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत गंभीर खतरा बन चुका है और यदि हम आज प्लास्टिक का त्याग नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना असंभव हो जाएगा। म्यूस फाउंडेशन की टीम ने उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि ‘प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ’ तथा ‘प्लास्टिक को कहें ना, स्वच्छ भविष्य को कहें हाँ’ जैसे संकल्पों को अपनाकर ही हम एक सुंदर समाज का निर्माण कर सकते हैं। अभियान के दौरान ‘कपड़े का थैला अपनाएँ, धरती माँ को मुस्कुराएँ’ और ‘प्लास्टिक मुक्त बाजार, स्वच्छ और सुंदर शहर हमारा’ का नारा देते हुए नागरिकों से अपील की गई कि ‘आज प्लास्टिक छोड़ेंगे, तभी कल सुरक्षित होगा’ और ‘कचरा डिब्बे में डालें, स्वच्छता का संदेश फैलाएँ’। इसके अलावा ‘स्वच्छ दुकान, स्वच्छ बाजार-यही है स्वस्थ जीवन का आधार’, ‘धरती को हरा-भरा बनाएँ, प्लास्टिक का उपयोग घटाएँ’, ‘एक कदम स्वच्छता की ओर, प्लास्टिक मुक्त शहर की ओर’ तथा ‘प्लास्टिक हटाओ, जीवन बचाओ’ जैसे प्रभावशाली संदेशों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का अहसास कराया गया। कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की और अपने दैनिक जीवन में पॉलीथिन का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर कपड़े के थैलों का उपयोग करने की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *