37 वर्षों की लंबी सेवा के बाद आकाशवाणी आगरा से मृदुला गुप्ता एवं विशाल श्रीवास्तव सेवानिवृत्त

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। आकाशवाणी आगरा के वरिष्ठ अभियांत्रिकी सहायक श्रीमती मृदुला गुप्ता एवं सहायक पुस्तकालय सूचना अधिकारी विशाल श्रीवास्तव 37 वर्षों से अधिक की लंबी सेवा के उपरांत सेवानिवृत्त हुए। आकाशवाणी परिवार द्वारा आयोजित समारोह में उन्हें मंगलकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी गई।

तकनीकी क्षेत्र में नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल बनीं मृदुला गुप्ता। श्रीमती मृदुला गुप्ता की कहानी महिला सशक्तीकरण की जीवंत मिसाल है।

1. शिक्षक से इंजीनियर तक का सफर: चयन पहले शिक्षिका पद पर हुआ था, पर उन्होंने चुनौतीपूर्ण तकनीकी क्षेत्रu को चुना। एनालॉग से डिजिटल ट्रांसमिशन तक के बदलाव को उन्होंने नजदीक से देखा और खुद को अपडेट रखा।

2. पद से बड़ा कर्तव्य: सेवा काल में पदोन्नति का अवसर आया, पर उन्होंने पद के बजाय कार्य और परिवार को प्राथमिकता दी।

3. शिफ्ट ड्यूटी में अदम्य साहस: आकाशवाणी जैसे संस्थान में जहाँ प्रातः 5:00 बजे से रात्रि 11:30 बजे तक शिफ्ट ड्यूटी होती है, वहाँ एक महिला के रूप में 37 वर्षों तक निरंतर सेवा देना अपने आप में महिला शक्ति का प्रमाण है।

4. परिवार और नौकरी में संतुलन: पति बैंकिंग सेवा में होने के बावजूद, बार-बार के स्थानांतरण, डायबिटीज व बीपी जैसी स्वास्थ्य चुनौतियों के बावजूद उन्होंने न सिर्फ नौकरी की, बल्कि बेटी को डॉक्टर और बेटे को सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनाकर एक सफल परिवार भी गढ़ा।

क्लस्टर प्रमुख एवं केंद्र अध्यक्ष निलेश खंडेलवाल ने कहा, “श्रीमती गुप्ता ने यह सिद्ध किया है कि यदि इच्छाशक्ति हो तो महिला किसी भी तकनीकी क्षेत्र में पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर ही नहीं, बल्कि उनसे बेहतर कार्य कर सकती है। वे आकाशवाणी की सभी महिला कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”

श्रीमती गुप्ता ने अलीगढ़, नरौरा सहित देश के विभिन्न आकाशवाणी व दूरदर्शन केंद्रों पर सेवाएं दीं। वहीं विशाल श्रीवास्तव का टेप लाइब्रेरी के डिजिटाइजेशन में योगदान देशभर में सराहा गया है।

समारोह का संचालन कार्यक्रम प्रमुख विनय सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी हेम कुमार पाराशर, अभियांत्रिकी अधिकारी रविन्द्र सिंह चौहान, राजेश बाजपेई सहित अशोक धवन, सुन्दरम तिवारी, कमलकांत, पं. मोहित श्रीवास्तव, मदन गोपाल, अजय मोहन यादव , गोपाल सिंह, प्रवेंद्र यादव, सतेंद्र शर्मा, सतीश गर्ग,राकेश सिंह, अवधेश शर्मा, आकाश कुमार, राधेश्याम गोयल, डी पी तिवारी, शिव राम, देव सिंह, गौरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी व परिजन उपस्थित रहे।
आकाशवाणी परिवार ने दोनों अधिकारियों के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की जानकारी राजीव यादव( वरिष्ठ अभि० सहा०) आकाशवाणी, आगरा ने साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *