नगर आयुक्त बोले- जनभागीदारी से अगले साल आगरा को बनाएंगे नंबर वन स्वच्छ शहर
आगरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को नगर निगम सदन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह पौने नौ बजे ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। नगर निगम स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम और गांधी जी के विचारों का संदेश दिया। इस दौरान शहर की सफाई व्यवस्था में योगदान देने वाले 100 से अधिक निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उन निगमकर्मियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने नाले में गिरने के बाद गंगा देवी की तलाश में चलाए गए अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। सम्मान मिलने पर कर्मचारियों में उत्साह नजर आया। अधिकारियों ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी जिम्मेदारी निभाने वाले निगमकर्मी शहर की व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
—– अगले साल नंबर वन बनाने का लक्ष्य
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि महात्मा गांधी का स्वच्छता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। निगम लगातार सफाई व्यवस्था को बेहतर करने में जुटा है। अगले साल आगरा को देश का नंबर वन स्वच्छ शहर बनाने के लक्ष्य के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को काम करना होगा। इसके लिए नियमित सफाई के साथ नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने गांधी जी के जीवन से जुड़ी गुड़ न खाने वाली घटना सुनाते हुए कहा कि गांधी जी किसी को सलाह देने से पहले स्वयं उस बात को अपने जीवन में अपनाते थे। इसी तरह उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन की सादगी और सत्यनिष्ठा से जुड़ी घटनाओं का भी उल्लेख किया। अधिकारियों और कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने कार्य और व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार और अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखते हुए रोजमर्रा की कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना होगा। नगर निगम के सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहर भर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, गांधी प्रतिमाओं की धुलाई के साथ सफाई कर आकर्षक रंगोलियों को बनाया गया। पार्क में वृक्षारोपण किया गया।
—– अनाथालय में बच्चों को महापौर ने बांटी जरूरत की सामग्री
गांधी जयंती पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शिशु बाल मंदिर अनाथालय में बच्चों के बीच कार्यक्रम आयोजित किया। यहां बच्चों को सूखा दूध, फल, डायपर, सेरेलेक, आटा और चॉकलेट समेत जरूरत की सामग्री वितरित की गई। महापौर ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बेहतर भविष्य की कामना की।
महापौर ने अधिकारियों को निगम के संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वच्छता संदेश को व्यवहार में उतारना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में एनएसए डॉ. संजीव वर्मा, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी बृजेश कुमार सिंह, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह समेत बड़ी संख्या में निगम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


